अन्य

एक साल का इंतजार, टूटते सपने और अब सड़क पर उतरे युवा, आखिर TRE-4 क्यों गायब है BPSC कैलेंडर से?

×

एक साल का इंतजार, टूटते सपने और अब सड़क पर उतरे युवा, आखिर TRE-4 क्यों गायब है BPSC कैलेंडर से?

Share this article

BPSC ने 2026 का परीक्षा कैलेंडर तो जारी कर दिया, लेकिन TRE-4 का नाम गायब!

BPSC ने साल 2026 में होने वाली परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है, लेकिन इस कैलेंडर में TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा का नाम नहीं है।
बस यही एक बात है, जिसने शिक्षक अभ्यर्थियों को सबसे ज्यादा नाराज़ कर दिया है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि जब पिछले कई महीनों से TRE-4 की बात हो रही थी,

तो फिर अचानक कैलेंडर से उसका नाम गायब कैसे हो गया। इसी सवाल ने अब आंदोलन का रूप ले लिया है।

26 जनवरी को भी उतरे थे सड़क पर, अब 9 फरवरी को फिर आंदोलन

TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा नया नहीं है।
26 जनवरी को भी पटना में अभ्यर्थियों ने आंदोलन किया था और साफ कहा था कि अगर बात नहीं सुनी गई, तो वे दोबारा सड़कों पर उतरेंगे।

अब वही हो रहा है।
अभ्यर्थियों ने ऐलान किया है कि 9 फरवरी को फिर से आंदोलन किया जाएगा।

पटना कॉलेज से शुरू होगा प्रदर्शन

अभ्यर्थियों के मुताबिक, 9 फरवरी को आंदोलन की शुरुआत पटना कॉलेज से होगी।
यहीं पर सभी अभ्यर्थी इकट्ठा होंगे और फिर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

उनका कहना है कि वे कोई हंगामा नहीं चाहते, लेकिन अब चुप रहना भी मुश्किल हो गया है।

पहले बोले गए थे 1 लाख से ज्यादा पद, अब सिर्फ 26 हजार

अभ्यर्थियों का कहना है कि शुरुआत में TRE-4 में 1 लाख से ज्यादा पदों की बात कही गई थी।
इसी भरोसे पर हजारों युवाओं ने तैयारी शुरू की, किसी ने कोचिंग ली, किसी ने घर से दूर रहकर पढ़ाई की।

लेकिन बाद में पदों की संख्या घटाकर सिर्फ 26 हजार कर दी गई।
और हालत ये है कि उन 26 हजार पदों की भर्ती भी समय पर शुरू नहीं हो रही।

यही बात अभ्यर्थियों को सबसे ज्यादा खल रही है।

एक साल से बस इंतजार ही इंतजार

कई अभ्यर्थियों ने बताया कि वे करीब एक साल से सिर्फ इंतजार कर रहे हैं
कभी ज्ञापन, कभी धरना, कभी प्रदर्शन — लेकिन हर बार जवाब वही, “जल्द होगा।”

26 जनवरी के आंदोलन के बाद भी जब कुछ नहीं बदला! तो अभ्यर्थियों ने तय किया कि अब फिर से आंदोलन करना पड़ेगा।

मानसिक दबाव में आ चुके हैं युवा

TRE-4 में हो रही देरी का असर अब साफ दिख रहा है।

कई अभ्यर्थियों की उम्र निकल रही है, घर वाले सवाल पूछ रहे हैं, खर्च बढ़ रहा है।

एक अभ्यर्थी ने कहा,

“हम लोग बस पढ़ते रहे, तैयारी करते रहे, लेकिन भर्ती आगे बढ़ ही नहीं रही।”

अभ्यर्थियों की सीधी मांग

अभ्यर्थी ज्यादा कुछ नहीं मांग रहे, बस —

  • TRE-4 की अधिसूचना जल्द जारी हो
  • 2026 के परीक्षा कैलेंडर में TRE-4 को जोड़ा जाए
  • पदों की सही संख्या साफ-साफ बताई जाए
  • भर्ती को और लटकाया न जाए

अब पीछे हटने को तैयार नहीं

अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर 9 फरवरी के आंदोलन के बाद भी कोई ठोस फैसला नहीं हुआ, तो आगे आंदोलन और तेज होगा।

उनके लिए ये सिर्फ नौकरी का मामला नहीं है,
ये उनके भविष्य का सवाल है।